IND vs ENG, Rajkot Test से अश्विन Out, अब क्या होगा 'हिटमैन' का गेम प्लान?

India vs England: अश्विन की गैरमौजूदगी से चल रहे टेस्ट मैच में भारत को बड़ा झटका लग सकता है. क्या उनको अब कोई खिलाड़ी रिप्लेस करेगा या नहीं? क्या है अब टीम इंडिया की स्थिति?

India Daily Live

India vs England: टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका लगा है! भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के बीच में ही फैमिली मेडिकल इमरजेंसी के कारण मैदान छोड़कर घर लौट गए हैं. बीसीसीआई ने शुक्रवार देर रात आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी है.

दोहरी चुनौती

अश्विन ने टेस्ट के दूसरे दिन ही इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली को अपना 500वां टेस्ट विकेट लेकर इतिहास रचा था. राजकोट के नरेंद्रन शाह स्टेडियम की पिच को देखते हुए उनसे मैच में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद थी. ऐसे में भारत के सामने दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है. 

10 खिलाड़ियों के साथ खेलेगी टीम?

क्या अब टीम इंडिया 10 ही खिलाड़ियों के साथ खेलेगी? बड़ा सवाल यही है. अश्विन की अनुपस्थिति में टीम उनकी जगह एक सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी ला सकती है, लेकिन वह खिलाड़ी न तो बल्लेबाजी कर पाएगा और न ही गेंदबाजी कर पाएगा. 


आईसीसी नियमों के अनुसार, अंपायर से सलाह-मशवरा करने पर सब्स्टीट्यूट को केवल विकेटकीपर के रूप में इजाजत दी जा सकती है. वैसे तो बीच में खेल छोड़ने पर पेनाल्टी का भी प्रावधान है. हालांकि, मेडिकल कारणों से मैदान से बाहर रहने के कारण अश्विन को अंपायरों द्वारा किसी भी तरह की पेनाल्टी नहीं दी जाएगी.

मैच पर पड़ेगा बड़ा असर

अश्विन की गैरमौजूदगी टेस्ट मैच के नतीजे पर भारी असर डाल सकती है. वह न सिर्फ एक बेहतरीन स्पिनर हैं, बल्कि  बल्लेबाजी के कारण एक ऑलराउंडर की भूमिका भी निभाते हैं. पहले ही मैच की पहली पारी में उन्होंने 89 गेंदों में 37 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. भारत को 445 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में उनकी पारी का अहम योगदान रहा. टीम इंडिया के लिए यह निश्चित रूप से एक बड़ा झटका है, लेकिन अश्विन और उनके परिवार के लिए यह बेहद मुश्किल समय है. 

जहां तक मैच की बात है तो भारत के 445 रनों के जवाब में इंग्लैंड ने बैजबॉल फेंक दी है. अंग्रेजों के 207 रन महज 35 ओवरों में बन गए हैं. बेन डकेट 118 गेंदों पर 133 रन बनाकर नाबाद हैं.