IND vs ENG: रोहित-जडेजा ने जड़ा शतक तो सरफराज ने लूटी महफिल, जानें कैसा रहा मैच का पहला दिन
IND vs ENG 3rd Test: राजकोट टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 5 विकेट के नुकसान 326 रन बना लिए है. कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने बेहतरीन शतक जड़ा है.
IND vs ENG 3rd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म हो गया है. दिन समाप्त होने तक भारत का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 326 रन रहा है. मैदान पर अभी शतकवीर रवींद्र जडेजा 110 रन बनाकर खेल रहे हैं. वहीं कुलदीप यादव 1 रन बनाकर उनका साथ दे रहे है.
रोहित-जडेजा ने खेली जिम्मेदारी भरी पारी
राजकोट टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बहुत ही खराब रही. भारत के शुरुआती तीन बल्लेबाज 33 रन के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गए थे. यशस्वी जायसवाल 10, शुभमन गिल बिना खाता खोले, जबकि रजत पाटिदार 5 रन बनाकर आउट हो गए. उस दौरान मैदान पर कप्तान रोहित शर्मा मौजूद थे. रोहित का साथ देने के लिए ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा आए. जिसके बाद दोनों नें गजब की धुंआधार जिम्मेदारी भरी पारी खेली. जहां रोहित ने 196 गेंद में 131 रन की पारी खेली. वहीं जडेजा 110 रन बनाकर अभी भी क्रिज पर जमे हुए हैं.
Also Read
डेब्यू मैच में सरफराज ने काटा गदर
घरेलू क्रिकेट में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले धाकड़ बल्लेबाज सरफराज खान ने अपना डेब्यू किया. अपने पहले मैच में ही सरफराज ने 48 गेंदों में धुंआधार अर्धशतक जड़ा. हालांकि वो अपनी पारी को ज्यादा लंबा नहीं कर पाए और रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए. उनको पूर्व दिग्गज अनिल कुंबले ने कैप पहनाकर टीम में शामिल किया.
मार्क वुड रहे सफल गेंदबाज
पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में गेंदबाजी कर रही मेहमान टीम इंग्लैंड पहले दिन ज्यादा अपना प्रभाव नहीं बना पाई. तेज गेंदबाज मार्क वुड सबसे सफल रहे उनके खाते में 3 विकेट आए जबकि उन्होंने सरफराज खान को रन आउट भी किया. वहीं टॉम हार्टले को भी एक सफलता प्राप्त हुई.