menu-icon
India Daily

100th Test: 2 दिन में 4 दिग्गज खेलेंगे 100वां टेस्ट, इतिहास में पहली बार होगा ये कमाल 

100th Test: 6 और 8 मार्च को टेस्ट क्रिकेट में 4 दिग्गज अपना 100वां मुकाबला खेलने उतरेंगे. यह दिन टेस्ट क्रिकेट में खास होने वाला है. जानिए....

Bhoopendra Rai
Edited By: Bhoopendra Rai
100th Test: 2 दिन में 4 दिग्गज खेलेंगे 100वां टेस्ट, इतिहास में पहली बार होगा ये कमाल 

100th Test: 6 और 8 मार्च का दिन टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दर्ज हो जाएगा, क्योंकि इन दो दिनों में कुछ ऐसा होने वाला है, जो इससे पहले कभी नहीं हुआ. क्रिकेट जगत के चार दिग्गज इन दो दिनों में अपने करियर का 100वां टेस्ट खेलने मैदान में उतरेंगे. इनमें भारत के स्टार ऑफ स्पिनर आर अश्विन, इंग्लैंड के विकेटकीपर बैटर जॉनी बेयरस्टो, न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलिमयनस और कीवी टीम के ही कप्तान टिम साउदी शामिल हैं. 

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का 5वां मैच 7 मार्च को धर्मशाला में होना है. जिसमें आर अश्विन और जॉनी बेयरस्टो करियर का 100वां मैच खेलेंगे, वहीं 8 मार्च को ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच होना है, जिसमें टिम साउदी और केन विलियमसन मैदान में उतरेंगे. इस तरह 2 दिनों के भीतर 4 खिलाड़ी 100 टेस्ट खेलेंगे. यह क्रिकेट के इतिहास में एक अभूतपूर्व घटना साबित होने वाली है. 

1. रविचंद्रन अश्विन (भारत) 

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी टेस्ट में यह दिग्गज भारत के लिए 100 टेस्ट खेलने वाला 14वां प्लेयर बनेगा. उनसे पहले पुजारा यह उपलब्धि हासिल करने वाले 13वें भारतीय बने थे. अश्विन ने अब तक 99 टेस्ट मैचों में 23.91 की औसत से 507 विकेट लिए हैं. 

2. जॉनी बेयस्टो (इंग्लैंड)

भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले धर्मशाला टेस्ट में इंग्लिश बैटर बेयस्टो करियर का 100वां टेस्ट खेलेंगे. वे ऐसा करने वाले 17वें क्रिकेटर बनेंगे. उनसे पहले कप्तान बेन स्टोक्स ने राजकोट में अपने टेस्ट करियर का 100वां टेस्ट मैच खेला था. जॉनी ने इंग्लैंड के लिए 99 टेस्ट मैचों में 36.42 की औसत से 5974 रन बनाए हैं. वे 12 शतक और 26 फिफ्टी जमा चुके हैं.

3. टिम साउदी (न्यूजीलैंड)

न्यूजीलैंड के सीनियर गेंदबाज और टेस्ट टीम के कप्तान टिम साउदी 8 मार्च को करियर का 100वां टेस्ट खेलेंगे. यह मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होना है. साउदी से पहले स्टीफन फ्लेमिंग, ब्रैंडन मैक्कुलम, डेनियल विटोरी और रॉस टेलर कीवी टीम के लिए 100 टेस्ट खेल चुके हैं. इस दिग्गज खिलाड़ी ने  99 टेस्ट मैचों में 29.49 के एवरेज से 378 विकेट झटके हैं. 

4. केन विलियमसन (न्यूजीलैंड) 

8 मार्च को क्राइस्टचर्च में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट होगा. यह स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन के करियर का 100वां मैच है. वे कीवी टीम के लिए 99 टेस्ट मैचों में 55.25 की औसत से 8675 रन बना चुके हैं. इस बल्लेबाज ने 32 शतक और 33 फिफ्टी जमाई हैं. खास बात ये है कि केन इस वक्त आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर हैं.