Alexei Navalny Ally Leonid Volkov Attacked: दिवंगत रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी के लंबे समय तह सहयोगी रहे लियोनिद वोल्कोव पर मंगलवार को लिथुआनिया की राजधानी विनियस में हथौड़े से हमला किया गया. नवलनी की पूर्व प्रवक्ता किरा यारमिश ने यह जानकारी दी.
यारमिश ने ट्विटर पर मामले की जानकारी देते हुए लिखा, 'वोल्कोव पर अभी उनके घर के बाहर हमला किया गया है. किसी ने उनकी कार की खिड़की तोड़ दी और उनकी आंखों में आंसू गैर छिड़क दी और इसके बाद हमलावर ने लियोनिद को हथौड़े से मारना शुरू कर दिया.'
उन्होंने कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं जिसमें वोल्कोव के माथे पर चोट के निशान, पैर के घाव से खून बहता हुआ और उनकी गाड़ी की ड्राइवर की तरफ की खिड़की और दरवाजा टूटे हुए दिखाई दे रहे हैं.
Navalny's former chief of staff Leonid Volkov was attacked with a hammer near his home in Vilnius - Kira Yarmysh reports
— Sharky 🇬🇧 🤝 🇺🇦 (@Jamie04381095) March 13, 2024
“They broke his car window and sprayed tear gas in his eyes, after which the attacker began beating Leonid with a hammer." Police & ambulance called. pic.twitter.com/fHj8qLo4hA
'अपराधियों को इस अपराध के लिए जवाब देना होगा'
लिथुआनिया के विदेश मामलों के मंत्री गेब्रियलियस लैंड्सबर्गिस, जो सत्तारूढ़ पार्टी होमलैंड यूनियन का भी नेतृत्व करते हैं ने इस हमले को चौंकाने वाला बताया. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'अपराधियों को उनके अपराध के लिए जवाब देना होगा.'
लिथुआनिया पुलिस ने लियोनिद वोल्कोव के घर के बाहर बढ़ाई सुरक्षा
वहीं लिथुआनिया पुलिस ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को उनके घर के बाहर पीटा गया, हम इस मामले की जांच कर रहे हैं.
इस घटना के बाद पुलिस ने वोल्कोव के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है. वोल्कोव के घर के बाहर फेंसिंग की गई है. मंगलवार देर रात पुलिस अधिकारी कुत्तों और टॉर्च के साथ इलाके में तलाशी भी करते दिखे.
बता दें कि नवलनी की पॉलिटिकल पार्टी एंटी-करप्शन फाउंडेशन के कई लोग रूस से भागने के बाद यूरोपीय संघ और नाटो सदस्य लिथुआनिया में रह रहे हैं. वोल्कोव भी इस पार्टी के सदस्य है.
जेल में हो गई थी नवलनी की मौत
गौरतलब है कि रूस में जेल की सजा काट रहे विपक्षी नेता और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कट्टर विरोधी एलेक्सी नवलनी की अचानक मौत हो गई थी. जेल में बंद नवलनी की अचानक हुई मौत पर दुनियाभर में सवाल उठने लगे थे. रूस के विरोधी अमेरिका और खुद नवलनी की पत्नी ने उनकी मौत के पीछे पुतिन को जिम्मेदार ठहराया था.