menu-icon
India Daily

'दाऊद इब्राहिम की प्रॉपर्टी है भाई...', अंडरवर्ल्ड डॉन की '15,440 रुपये' की पैतृक संपत्ति 2 करोड़ में बिकी

इससे पहले साल 2017 और साल 2020 में SAFEMA की ओर से दाऊद इब्राहिम की 17 से ज्यादा संपत्तियों की नीलामी की गई थी. इनमें होटल रौनक अफरोज और शबनम गेस्ट हाउस शामिल था.

Naresh Chaudhary
'दाऊद इब्राहिम की प्रॉपर्टी है भाई...', अंडरवर्ल्ड डॉन की '15,440 रुपये' की पैतृक संपत्ति 2 करोड़ में बिकी

हाइलाइट्स

  • 2017 और 2020 में दाऊद इब्राहिम की 17 से ज्यादा संपत्तियां नीलामी की गईं
  • SAFEMA ने बताया, दाऊद इब्राहिम की मां अमीना की हैं ये संपत्तियां

Underworld Don Dawood Ibrahim's Property: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी प्लॉट, जिसका सरकार की ओर से आरक्षित मूल्य 15,440 रुपये रखा गया था, वो शुक्रवार को 2 करोड़ रुपये की कीमत पर नीलाम हुआ है. यह चार पुश्तैनी संपत्तियों में से सबसे छोटा भूखंड था, जिसे स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (संपत्ति की जब्ती) प्राधिकरण (SAFEMA) की ओर से नीलाम किया गया था. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये संपत्तियां महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के मुंबके गांव में कृषि जमीनें हैं, जो दाऊद इब्राहिम कासकर का पैतृक गांव है.

SAFEMA ने बताया, दाऊद इब्राहिम की मां अमीना की हैं ये संपत्तियां

एक अन्य संपत्ति, जिसकी कीमत 1.56 लाख रुपये तय की गई थी, उसे 3.28 लाख रुपये में बेचा गया है. चारों प्रॉपर्टी की कीमत 19.2 लाख रुपये रखी गई थी. SAFEMA की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ये संपत्तियां दाऊद इब्राहिम की मां अमीना बी की हैं. 

SAFEMA ने दाऊद इब्राहिम और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ तस्करी और एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित मामलों में इन संपत्तियों को जब्त किया था. 

2017 और 2020 में दाऊद इब्राहिम की 17 से ज्यादा संपत्तियां नीलामी की गईं

बताया जाता है कि इससे पहले साल 2017 और साल 2020 में SAFEMA की ओर से दाऊद इब्राहिम की 17 से ज्यादा संपत्तियों की नीलामी की गई थी. साल 2017 में SAFEMA ने दाऊद की संपत्तियों की सफलतापूर्वक नीलामी की थी, जिसमें होटल रौनक अफरोज, शबनम गेस्ट हाउस और भिंडी बाजार के पास दामरवाला इमारत के छह कमरे भी शामिल थे.

इनकी नीलामी से सरकार को 11 करोड़ रुपये मिले. वहीं साल 2020 में SAFEMA ने दाऊद की छह और संपत्तियों की नीलामी की, जिससे कुल 22.79 लाख रुपये प्राप्त हुए.