Bengaluru News: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (kempegowda international airport) से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां की एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के एक छात्र ने एयरपोर्ट के जांच अधिकारियों से कहा कि वह एक आतंकवादी है. जैसे ही उसने ये बात कही जांच अधिकारियों के होश उड़ गए.
जब मामले की जांच की गई तो पता चला कि छात्र ने फ्लाइट से उतरने के लिए झूठ बोला था और ऐसा उसने इसलिए किया क्योंकि उसका रिजल्ट खराब आया था और वह घर जाने से डर रहा था.
आखिरी मिनट पर बदला घर जाने का इरादा
खबर के अनुसार, इंजीनियरिंग के छात्र आदर्श कुमार सिंह लखनऊ अपने घर जाने के लिए फ्लाइट बुक की थी. वह घर जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा, उसने चेक इन किया लेकिन आखिरी मिनट पर उसने घर जाने का इरादा बदल लिया. फ्लाइट के केबिन क्रू स्टाफ ने इस पूरे मामले की जानकारी CISF के अधिकारियों को दी जब अधिकारियों से उससे फ्लाइट छोड़ने का कारण पूछा.
एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी
जांच अधिकारियों की पूछताछ में आदर्श ने कथित तौर पर कहा कि वह एक आतंकवादी है और उसने जो फ्लाइट बुक की है वह लखनऊ नहीं जाएगी. उसके ऐसा कहते ही अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद सीआईएसएफ के अधिकारियों ने तुरंत एयरपोर्ट स्टाफ और लखनऊ एयरपोर्ट के अधिकारियों को सूचित किया.
मां-बाप के डर से घर नहीं जाना चाहता था छात्र
आदर्श को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि पुलिस ने अपनी जांच में पाया कि शख्स ने सीआईएसएफ अधिकारियों से झूठ बोला था, क्योंकि इंजीनियरिंग में नंबर कम आने के कारण वह लखनऊ अपने घर नहीं जाना चाहता था. उसे डर था कि अगर वह घर गया तो उसे अपने माता-पिता की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा. बाद में उस शख्स को जमानत दे दी गई.