Rajya Sabha Elections: तीन राज्यों की 15 राज्यसभा सीटों पर आज मतदान होना है. उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश की कुल 15 राज्यसभा सीटों के लिए आज मतदान होंगे. मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि चुनाव का परिणाम शाम को 5 बजे तक आने की संभावना है. इस बीच मतदान में क्रॉस वोटिंग की आशंका जताई जा रही है. यूपी और कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग हो सकती है, वहीं हिमाचल में कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है.
क्रॉस वोटिंग की आशंका को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी यूपी में अपनी-अपनी तैयारी कर रही है. 15 राज्यों की 56 सीटों में से 41 सीटों पर निर्विरोध चुनाव हुआ है, वहीं 3 राज्यों की 15 सीटों पर आज वोटिंग होनी है. यूपी की खाली हुईं 10 राज्यसभा सीटों के लिए मंगलवार को वोटिंग होगी. बीजेपी ने 8वां उम्मीदवार उतारकर चुनाव को रोमांचक मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है. पहले 10 सीटों के लिए 10 ही उम्मीदवार थे. बीजेपी की ओर से 7 और समाजवादी पार्टी के 3. इन दसों की जीत भी लगभग तय मानी जा रही थी. लेकिन अब एक सीट पर पेंच फंस गया है.
बीजेपी की ओर से कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं. यूपी बीजेपी महासचिव अमरपाल मौर्य, पूर्व राज्य मंत्री संगीता बलवंत, पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, पूर्व विधायक साधना सिंह और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन और संजय सेठ शामिल हैं. बीजेपी ने आठवें उम्मीदवार के रूप में संजय सेठ को प्रत्याशी घोषित किया है .समाजवादी पार्टी ने तीन सीटों के लिए उम्मीदवार उतारे हैं. इनमें जया बच्चन, आलोक रंजन और रामजी लाल सुमन हैं.
यूपी में कुल विधनासभा के सीट 403 हैं. राज्यसभा चुनाव में राज्य की विधानसभा के विधायक वोट डालते हैं. विधान परिषद के सदस्य वोट नहीं डालते हैं. बीजेपी के पास 252 विधायक है. जबकि, बाकी 34 विधायक उसकी सहयोगी पार्टियों यानी एनडीए के हैं. दो विधायक राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल के भी हैं. सपा के पास 108 विधायक हैं. सपा की सहयोगी पार्टी कांग्रेस के पास भी दो विधायक हैं. मायावती की बहुजन समाज पार्टी के पास एक सीट है जबकि विधानसभा की चार सीट अभी खाली है. राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 37 विधायकों के वोट की जरूरत होगी.
कर्नाटक में भी क्रॉस वोटिंग का डर है. यहां 4 सीट के लिए मतदान होगा.अजय माकन, सैयद नारिस हुसैन और जीसी चंद्रशेखर कांग्रेस के उम्मीदवार हैं. दूसरी ओर बीजेपी और जेडीएस गठबंधन ने नारायणा कृष्णासा भांडगे और कुपेंद्र रेड्डी को मैदान में उतार है. कर्नाटक विधानसभा में 224 सीटें हैं. कांग्रेस के पास 135 विधायक हैं, बीजेपी के पास 66 और जेडीएस के पास 19 विधायक हैं. इसके अलावा चार अन्य विधायक भी हैं. राज्यसभा के एक सांसद को जीताने के लिए 45 वोट की जरूरत होगी.
हिमाचल की एक सीट पर मतदाना होना है. कांग्रेस ने यहां से अभिषेक मनु सिंघवी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. बीजेपी ने यहां से हर्ष महाजन को टिकट दे दिया है. अभिषेक मनु सिंघवी जीत तय है. हिमाचल में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं. जिसमें कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं. यहां जीत के लिए 35 वोट की जरूरत है. हालांकि यहां भी बड़े स्तर पर क्रॉस वोटिंग होने का डर है.