'सत्ता में रहे लोग अपनी संस्कृति पर शर्मिंदा', असम में PM मोदी की बड़ी बातें
असम दौरे के दौरान PM मोदी ने गुवाहाटी में 11,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. 2024 लोकसभा चुनाव से पहले असम दौरे के दौरान पीएम मोदी ने कई बड़ी 11 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी है.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी में 498 करोड़ की मां कामाख्या दिव्यलोक परियोजना की शुरूआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा मां कामाख्या के आशीर्वाद से असम के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स आपको सौंपने का सौभाग्य मिला है. पीएम मोदी ने कहा हमारे तीर्थ, हमारे मंदिर, हमारे आस्था के स्थान, ये सिर्फ घूमने की जगहें नहीं हैं. ये हमारी सभ्यता की हजारों साल की यात्रा की अमिट निशानियां हैं. ये इस बात का सबूत है कि भारत किस तरह हर संकट का सामना करने के लिए मजबूती से खड़ा रहा. आईए हम आपको बताते हैं पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें.
1- पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में भव्य आयोजन के बाद मैं अब यहां मां कामाख्या के द्वार पर आया हूं. आज मुझे यहां मां कामाख्या दिव्यलोक परियोजना का शिलान्यास करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. इस दिव्यलोक की जो कल्पना की गई है, मुझे उसके बारे में विस्तार से बताया गया है. जब ये बनकर पूरा होगा तो ये देश और दुनिया भर से आने वाले मां के भक्तों को असीम आनंद से भर देगा.
2- विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद सत्ता में रहने वाले लोग पूजा स्थलों के महत्व को नहीं समझ सके और राजनीतिक कारणों से अपनी ही संस्कृति पर शर्मिंदा होने की प्रवृत्ति स्थापित की. डबल इंजन सरकार ने विकास और विरासत को अपनी नीति का हिस्सा बनाया है.
3- प्रधानमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखी उनमें मां कामाख्या दिव्य परियोजना (मां कामाख्या एक्सेस कॉरिडोर) शामिल है, जिसे प्रधानमंत्री विकास पहल उत्तर पूर्वी क्षेत्र (पीएम-डेवाइन) योजना के तहत मंजूरी दी गई है. यह कामाख्या मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करेगा.
Also Read
4- पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 सालों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी हो गई है. बीजेपी सरकार से पहले राज्य में केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे अब 12 कॉलेज है.
5- पीएम मोदी ने कहा कि पहले बड़े संस्थान बड़े शहरों में ही बनाये जाते थे. हमने देश में आईआईटी, आईआईएम और एम्स का नेटवर्क फैलाया है. जबकि आज यहां 12 मेडिकल कॉलेज हैं. हमारी सरकार असम नॉर्थ ईस्ट में कैंसर के इलाज का बहुत बड़ा केंद्र बना रही है.
6- पीएम मोदी ने कहा कि असम और पूर्वोत्तर के बाकी हिस्सों की दक्षिण पूर्व एशिया के देशों के साथ कनेक्टिविटी बढ़ेगी. वे पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा करेंगे, खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देंगे और क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में सुधार करेंगे. आने वाले दिनों में सोलर लाइट की वजह से लोगों की बिजली नहीं देने पड़ेगी.
7- पीएम ने कहा असम के 7000 से अधिक युवाओं ने अपने हथियार छोड़ दिए हैं और देश की प्रगति के लिए काम करने का संकल्प लिया है. जो बड़ी उपलब्धि है. विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने असम की राजधानी गुवाहाटी में एक रोड शो किया, जिसमें लोग सड़कों के दोनों ओर खड़े थे और उनका अभिवादन कर रहे थे.
8- पीएम ने अपने संबोधन में आगे कहा कि मेरा लक्ष्य भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का. इसमें असम और नार्थ ईस्ट की बहुत बड़ी भूमिका होगी. हमारी डबल इंजन सरकार हर लाभार्थी तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है और हमारा लक्ष्य हर नागरिक का जीवन को आसान बनाना है.
9- पीएम ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि छोटे लक्ष्य रखकर कोई भी देश, कोई भी राज्य तेज विकास नहीं कर सकता. पहले की सरकारें न बड़े लक्ष्य तय करती थी और न ही अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मेहनत करती थी. हमने पहले की सरकारों की इस सोच को भी बदल दिया है.
10- पीएम मोदी ने कहा हमने विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान भी देखा है कि जो भी सरकारी योजनाओं से वंचित थे, उन तक मोदी की गारंटी वाली गाड़ी पहुंची है. पूरे देश में करीब 20 करोड़ लोग सीधे तौर पर विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल हुए हैं.