नोएडा में शॉपिंग मॉल के पास 26 साल की महिला से गैंगरेप; 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 अन्य फरार

नोएडा पुलिस ने सोमवार को बताया कि शहर के एक शॉपिंग मॉल के पास 26 साल की महिला से कथित तौर पर गैंगरेप के आरोप में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है. 

Om Pratap

Noida Woman gang raped near shopping mall 3 arrested: नोएडा में एक शॉपिंग मॉल के पास 26 साल की महिला से सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आई है. वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत दो अन्य फरार बताए जा रहे हैं. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है और मुख्य आरोपी समेत फरार दो आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएडा पुलिस ने सोमवार को बताया कि शहर के एक शॉपिंग मॉल के पास 26 साल की महिला से कथित तौर पर गैंगरेप के आरोप में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है. 

गैंगरेप की वारदात में शामिल थे पांच आरोपी

नोएडा के शॉपिंग मॉल के पास महिला के साथ पांच लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया. पुलिस ने कहा कि तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत दो अन्य फरार है. पुलिस ने बताया कि कथित सामूहिक बलात्कार की घटना कुछ दिन पुरानी है. पीड़िता के मुताबिक, आरोपी दबंग थे, इसलिए उसने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी. 


पुलिस ने बताया कि वारदात के मुख्य आरोपी की ओर से उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था, जिसके बाद उसने परेशान होकर 30 दिसंबर को पुलिस से संपर्क किया. 30 दिसंबर को सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई. इसके बाद जांच पड़ताल शुरू की गई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

पांचों आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल पांचों आरोपियों की पहचान कर ली गई है. गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में राजकुमार, आज़ाद और विकास शामिल है, जबकि फरार आरोपियों में रवि और मेहमी शामिल है. दोनों को गिरफ्तार किए जाने के प्रयास जारी हैं. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.