PM Modi in Kalki Dham: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभल में श्री कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास किया. कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ और कल्किधाम ट्रस्ट के अध्यक्ष भी मौजूद रहे. श्री कल्कि धाम मंदिर परिसर 5 एकड़ में बनकर तैयार होगा. इसका निर्माण कार्य पूरा होने में 5 साल लगेंगे. साथ सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज यूपी की धरती से भक्ति भाव और आध्यात्म की एक और धारा प्रवाहित होने को लालायित है.
- पीएम ने कहा-इसी कालखंड में हमने विश्वनाथ धाम को निखरते देखा है. इसी कालखंड में हम काशी का कायाकल्प देख रहे हैं. इसी दौर में महाकाल के महालोक की महिमा हमने देखी है. हमने सोमनाथ का विकास देखा है, केदार घाटी का पुनर्निर्माण देखा है. हम विकास भी, विरासत भी के मंत्र को आत्मसात करते हुए चल रहे हैं.
-पीएम मोदी ने कहा कि भारत पराभव से भी विजय को खींच लाने वाला राष्ट्र है. हम पर सैकड़ों वर्षों तक इतने आक्रमण हुए. कोई और देश होता, कोई और समाज होता तो लगातार इतने आक्रमणों की चोट से पूरी तरह नष्ट हो गया होता. फिर भी हम न केवल डटे रहे, बल्कि और भी ज्यादा मजबूत होकर सामने आए.
-मोदी ने कहा कि 25 साल के कर्तव्य काल में परिश्रम की पराकाष्ठा करनी है. हर प्रयास, हर काम से राष्ट्र को क्या लाभ होगा, ये प्रश्न हमारे मन में सबसे पहले आना चाहिए. यही प्रश्न सामूहिक चुनौतियों के समाधान देगा. कल्कि आशीर्वाद से संकल्पों की ये यात्रा समय से पहले सिद्धि तक पहुंचेगी. सशक्त और समर्थ भारत के सपने को शत-प्रतिशत पूरा होता देखेंगे.
-पीएम मोदी ने कहा- 4 करोड़ से ज्यादा लोगों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर, 11 करोड़ परिवारों को शौचालय यानी इज्जतघर, ढाई करोड़ परिवारों को बिजली, 10 करोड़ परिवारों को पानी कनेक्शन, 80 करोड़ को मुफ्त राशन, 10 करोड़ महिलाओं को सब्सिडाइज्ड सिलेंडर, 50 करोड़ को आयुष्मान कार्ड दिया गया. आज पूरी दुनिया इनकी प्रशंसा कर रही है.
-मोदी बोले- प्रमोद जी ने बताया कि कल्कि पुराण में लिखा है- भगवान राम की तरह ही कल्कि का अवतार भी हजारों वर्षों की यात्रा तय करेगा. हम ये कह सकते हैं कि कल्कि काल चक्र के परिवर्तन के प्रणेता भी हैं और प्रेरणास्रोत भी हैं. शायद इसलिए कल्कि धाम एक ऐसा अवसर होने जा रहा है, जो उन भगवान को समर्पित है, जिनका अवतार अभी होना बाकी है.
-पीएम मोदी बोले- आज एक ओर हमारे तीर्थों का विकास हो रहा है तो शहरों में हाईटेक इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है. मंदिर बन रहे हैं तो कॉलेज बन रहे हैं. विदेशों से मूर्तियां लाई जा रही है और रिकॉर्ड संख्या में विदेशी निवेश भी आ रहा है. ये परिवर्तन प्रमाण है.
-पीएम मोदी ने कहा- प्रमोदजी बता रहे थे कि कई एकड़ में फैला ये विशाल धाम कई मायनों में विशिष्ट होने वाला है. ये ऐसा मंदिर होगा, जिसमें 10 गर्भगृह होंगे और भगवान के सभी 10 अवतारों को विराजमान किया जाएगा. इन अवतारों के माध्यम से हमारे शास्त्रों ने केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि अलग-अलग स्वरूपों में ईश्वरीय अवतार को प्रस्तुत किया गया है.
-पीएम ने कहा- आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती है. ये दिन इसलिए और पवित्र हो जाता है और ज्यादा प्रेरणादायक हो जाता है. आज हम देश में जो सांस्कृतिक पुनरोदय देख रहे हैं, आज अपनी पहचान पर गर्व और उसकी स्थापना का जो आत्मविश्वास दिख रहा है. वो प्रेरणा हमें छत्रपति शिवाजी से ही मिलती है. मैं शिवाजी महाराज के चरणों में नमन करता हूं.
- पीएम ने कहा- पिछले महीने ही देश ने अयोध्या में 500 साल के इंतज़ार को पूरा होते देखा है. रामलला के विराजमान होने का वो अलौकिक अनुभव, वो दिव्य अनुभूति अब भी हमें भावुक कर जाती है. इसी बीच हम देश से सैकड़ों किमी दूर अरब की धरती पर, अबू धाबी में पहले विराट मंदिर के लोकार्पण के साक्षी भी बने हैं.