menu-icon
India Daily

नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय... 'द गार्जियन' के कॉलम में पीएम के बारे में और क्या-क्या लिखा?

द गार्जियन के कॉलम में राम मंदिर का भी जिक्र किया गया है. कहा गया है कि चुनाव से पहले भाजपा के एजेंडे में सबसे बड़े मुद्दों में से एक 'राम मंदिर निर्माण' के हावी होने की संभावना है.

Om Pratap
Edited By: Om Pratap
नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय... 'द गार्जियन' के कॉलम में पीएम के बारे में और क्या-क्या लिखा?

The Guardian column Narendra Modi to become PM third time: नरेंद्र मोदी का लगातार तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनना तय है. ब्रिटिश डेली न्यूजपेपर 'द गार्जियन' में लिखे गए एक कॉलम में ये दावा किया गया है. लिखा गया है कि नरेंद्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिसंबर में तीन प्रमुख राज्यों के चुनावों में जीत हासिल की, जिसके बाद पीएम मोदी ने कहा था कि तीन राज्यों में पार्टी को मिली जीत की हैट्रिक ने 2024 की जीत की गारंटी दी है.

पीएम मोदी का ये बयान इस बात का संकेत था कि 2024 में होने वाले आम चुनाव से करीब 6 महीने पहले मोदी सरकार ने चुनाव प्रचार अभियान का दौर शुरू कर दिया है. भाजपा के हिंदू राष्ट्रवादी एजेंडे के साथ-साथ एक राजनीतिक ताकतवर व्यक्ति के रूप में प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता, देश के बड़े हिंदू बहुमत, विशेष रूप से हिंदी बेल्ट को आकर्षित करती है. 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद से देश का तंत्र भाजपा की ओर झुका हुआ है.

कॉलम में कहा गया कि पीएम मोदी पर मीडिया को दबाने, न्यायपालिका और सभी रूपों की स्वतंत्रता को नष्ट करने, संसदीय जांच और जवाबदेही के साथ-साथ राजनीतिक विरोधियों को पकड़ने और जेल भेजने के लिए सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगा है. कॉलम में ये भी कहा गया है कि साउथ और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियां भाजपा पर हावी हैं. मुख्य विपक्षी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इस महीने साउथ के तेलंगाना में विधानसभा चुनाव भी जीता.

I.N.D.I.A गठबंधन का भी  कॉलम में  किया जिक्र

कॉलम में सभी प्रमुख विपक्षी दलों के हाल ही में बने I.N.D.I.A गठबंधन की भी चर्चा की गई है. कहा गया कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर I.N.D.I.A गठबंधन एकजुट नहीं हुआ है, हालांकि विपक्षी गठबंधन ने सामूहिक रूप से भाजपा से लड़ने की बात कही है. सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च के फेलो नीलांजन सरकार ने कहा कि सामान्य समझ ये है कि इस स्तर पर भाजपा की जीत लगभग निश्चित है. लेकिन सवाल ये है कि आखिर कौन से कारक होंगे जो जीत को आकार देंगे. 

भाजपा की रैली का कॉलम में किया जिक्र

कहा गया कि भाजपा ने देश भर में चुनाव पूर्व जोर-आजमाइश शुरू कर दी है. 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' नाम के रोड शो में अगले दो महीनों में देश भर के कस्बों और गांवों में हजारों सरकारी अधिकारी तैनात होंगे, जिन्हें पिछले 9 सालों में भाजपा की सफलताओं के बारे में बताने का काम सौंपा जाएगा. इसके अलावा, रक्षा मंत्रालय भी युद्ध स्मारकों, रक्षा संग्रहालयों, रेलवे स्टेशनों और पर्यटक स्थलों पर 822 सेल्फी पॉइंट लगा रहा है, जहां लोग मोदी की कटआउट के साथ तस्वीरें ले सकते हैं.

राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्यों में भाजपा के हालिया प्रदर्शन ने नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता की पुष्टि की है. हालांकि प्रधानमंत्री का राज्य चुनावों से बहुत कम लेना-देना है. कॉलम में आगे लिखा गया कि भारत को एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभारने में मोदी की भूमिका प्रमुख है. बात चाहे अंतरराष्ट्रीय मामलों की हो या हाल ही चांद पर चंद्रयान की सफल लैंडिंग की बात हो.

क्या कहते हैं राजनीति के जानकार?

राजनीति के जानकार आसिम अली ने कहा कि नॉर्थ इंडिया में हाल के विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान मैंने देखा है कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए हिंदुत्व का सहारा लिया. पीएम मोदी ने राजस्थान में बार-बार उस घटना का जिक्र किया, जिसमें एक हिंदू दर्जी की गला काटकर हत्या कर दी गई थी. ये दावा भी किया गया कि राजस्थान में पूर्व की कांग्रेस सरकार आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति रखती थी और ये तुष्टिकरण का नतीजा था कि दर्जी की हत्या हुई. 

कॉलम में लिखा गया कि नरेंद्र मोदी 2014 में सत्ता विरोध लहर के कारण केंद्र की सत्ता पर काबिज हुए. वहीं, 2019 में उनकी दोबारा जीत तब सुनिश्चित हो गई, जब चुनाव से कुछ महीने पहले एक आतंकवादी घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में हवाई हमले किए. लिखा गया कि बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा की भावना वाले लोग भाजपा के पक्ष में आ गए. हालांकि, 2019 में मिली प्रचंड जीत को भाजपा फिर से दोहरा पाएगी, ये स्पष्ट नहीं है, क्योंकि बिहार और महाराष्ट्र जैसे कुछ राज्यों में भाजपा की स्थिति उतनी अच्छी नहीं है.

कॉलम में राम मंदिर का भी जिक्र

द गार्जियन के कॉलम में राम मंदिर का भी जिक्र किया गया है. कहा गया है कि चुनाव से पहले भाजपा के एजेंडे में सबसे बड़े मुद्दों में से एक 'राम मंदिर निर्माण' के हावी होने की संभावना है. लंबे समय से प्रतीक्षित राम मंदिर का उद्घाटन इस महीने की 22 तरीख को किया जाएगा. अयोध्या में बना राम मंदिर लंबे समय से भारत में हिंदू राष्ट्रवादी आंदोलन का केंद्र रहा है. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है. 

पांडा ने कहा कि तीन राज्यों में मिली बंपर जीत के बाद हमारी स्थिति पूरी तरह से मजबूत हो गई है. उन क्षेत्रों में भी जहां हमने परंपरागत रूप से जीत हासिल नहीं की है, वहां भी जमीनी स्तर पर पार्टी के मनोबल में भारी वृद्धि हुई है. 

मोदी के तीसरे कार्यकाल का भारत के लिए क्या मतलब होगा?

पांडा ने कहा कि इसे आर्थिक सफलता से परिभाषित किया जाएगा और भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. उधर, अमेरिका में ब्राउन यूनिवर्सिटी में सेंटर फॉर कंटेम्परेरी साउथ एशिया के निदेशक आशुतोष वार्ष्णेय ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मुसलमानों के अधिकारों पर हमला जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि मोदी के तीसरे कार्यकाल के दौरान भारत में वैसी ही स्थिति बन सकती है, जैसी कि 19वीं सदी के अंत और 20वीं सदी की शुरुआत में दक्षिणी अमेरिकी राज्यों में मौजूद थी. बता दें कि उस दौरान नस्ल के आधार पर काले लोगों को मताधिकार से वंचित किया गया था.

वार्ष्णेय ने कहा कि अगर मोदी सत्ता में वापस आते हैं तो हम भाजपा शासित राज्यों में जिम क्रो-शैली की हिंदू राष्ट्रवादी व्यवस्था के परिदृश्य की कल्पना कर सकते हैं. इस दौरान हिंदू वर्चस्व स्थापित होगा, मुसलमानों को समानता से वंचित किया जाएगा. साथ ही मुसलमानों के वोट देने के अधिकार को खत्म कर दिया जाएगा.

पांडा ने बीजेपी के सांप्रदायिकता के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं किसी को भी ये बताने की चुनौती देता हूं कि नरेंद्र मोदी और भाजपा के शासन में किसी अल्पसंख्यक, चाहे वह मुस्लिम हो या ईसाई या बौद्ध या सिख, के साथ किसी तरह के भेदभाव का एक भी उदाहरण नहीं मिलेगा.