मुस्लिमों में बढ़ी देवी मां के प्रति श्रद्धा, मंदिर के लिए कर रहे ये काम
Kerala News : केरल के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र के निवासियों में देवी मां के प्रति श्रद्धा देखने को मिल रही है. करीब 400 साल पुराने दुर्गा मंदिर की मरम्मत में मुस्लिम वर्ग भी दिल खोलकर दान दे रहा है.
Kerala News : केरल के एक मुस्लिम इलाके में सांप्रदायिक सौहार्द का मामला सामने आया है. यहां पर 400 साल पुराने दुर्गा मंदिर की मरम्मत के लिए मुस्लिम समाज भी आगे आया है. इसके लिए अबतक 38 लाख रुपये तक का दान मिल चुका है.
केरल के मलप्पुरम जिले के गांव मुथुवल्लूर में 400 साल पुराना माता दुर्गा का एक मंदिर स्थित है. इस मंदिर का अब जीर्णोद्धार कराया जाता रहा है. मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मई माह में माता की नई मूर्ति इस मंदिर में प्राण प्रतिष्ठित की जाएगी. मंदिर के इस मरम्मत कार्य में मुस्लिम समुदाय के लोग भी बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. मंदिर और देवी मां के प्रति मुस्लिम समाज में भी आस्था बढ़ रही है. उन्होंने मंदिर के गुंबद में तांबे की परत चढ़वाने के अलावा 38 लाख रुपये तक का दान दिया है.
रमजान में दिया दिल खोलकर दान
अभी मुस्लिमों का माह-ए-पाक रमजान चल रहा है. इस माह में मुस्लिम समाज के लोग 400 साल पुराने दुर्गा मंदिर के नवीनीकरण में भाग ले रहे हैं. इस मंदिर की मरम्मत का पहला चरण पूरा हो चुका है. आगामी 7 से 9 मई को मंदिर में मूर्ति की स्थापना की जाएगी. मंदिर के पदाधिकारियों ने दशकों पुराने मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए सभी धार्मिक समुदायों से मदद मांगी थी.
मंदिर के निमंत्रण पत्र में मस्जिदों के काजियों की भी तस्वीरें
मंदिर को राज्य सरकार द्वारा संचालित मालाबार देवास्वोम बोर्ड चलाता है. इस मंदिर को लेकर हिंदुओं और मुस्लिमों के बीच की एकता का पता इस बात से भी चलता है कि मूर्ति स्थापना के लिए बोर्ड द्वारा बनाए गए निमंत्रण पत्र पर मस्जिदों के काजी की भी फोटो लगी हुई हैं.
मंदिर के पदाधिकारियों ने बताया कि इलाके के विभिन्न समुदाय के लोग पूरी सद्भावना से इस मंदिर के मरम्मत कार्य में भाग ले रहे हैं. मंदिर के निर्माण की सामग्री और अन्या सहायता देने अलावा मुस्लिम लोगों नें बीते कुछ सालों में मंदिर के नवीनीकरण के लिए 38 लाख रुपये तक का दान किया है.