Lok sabha Elections 2024: कांग्रेस ने निकाली सिंधिया की काट, जानें कैसे चुनाव में करेंगे BJP की खड़ी खाट
Lok sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मध्य प्रदेश में अपने दो दिग्गज नेताओं को उम्मीदवार बनाकर चुनावी मैदान में उतार सकती है. सूत्रों की मानें तो दिग्विजय सिंह और अरुण यादव को पार्टी उम्मीदवार बना सकती है.
Lok sabha Elections 2024: मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव को लेकर सूत्रों के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. मिल रही जानकारी के अनुसार कांग्रेस अपने दो वरिष्ठ नेताओं को चुनाव लड़ाने की तैयारी में है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि पार्टी प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और वरिष्ठ नेता अरुण यादव को उम्मीदवार बनाकर चुनावी मैदान में उतार सकती है.
सूत्रों की मानें तो प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को पार्टी राजगढ़ लोकसभा सीट से तो वहीं गुना सीट से अरुण यादव को उम्मीदवार बना सकती है. कहा जा रहा है कि कांग्रेस अरुण यादव को ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ गुना सीट से टिकट देने पर विचार कर रहा है. सूत्रों का मानना है कि कांग्रेस की ओर से इन दोनों नेताओं के नाम पर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में मुहर लगाई जा सकती है.
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी
कांग्रेस उम्मीदवारों की अगली लिस्ट जारी करने को लेकर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी है. कहा जा रहा है कि इस बैठक के बाद कांग्रेस अन्य सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर सकती है. सूत्रों की मानें तो इस बैठक में दिग्विजय सिंह को राजगढ़ सीट से और अरुण यादव को गुना सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है.
लोकसभा चुनाव 2019 में क्या थी स्थिति
लोकसभा चुनाव 2019 की अगर हम बात करें तो इस दौरान दिग्विजय सिंह भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार थे. इस चुनाव में दिग्विजय सिंह को बीजेपी प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने हराया था. इसके अलावा गुना लोकसभा सीट की अगर हम बात करें को यहां से ज्योतिरादित्य सिंधिया को बीजेपी उम्मीदवार केपी यादव ने करारी शिकस्त दी थी. बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान सिंधिया कांग्रेस के साथ थे.