Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर असम में एनडीए में शामिल दलों के बीच सीट शेयरिंग के मामले पर सहमति बन गई है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सीट शेयरिंग के बीच हुए समझौते पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यहां बीजेपी 11 सीट पर चुनाव लड़ेगी. इसके अलावा असम गण परिषद बारपेटा और धुबरी सीट पर तो वहीं यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल कोकराझार सीट पर चुनाव लड़ेगी.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि NDA के दोनों सहयोगी दल असम की सभी 14 लोकसभा सीटों पर एक-दूसरे के उम्मीदवारों को मजबूत करने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि कल बीजेपी की राज्य इकाई के प्रमुख भाबेश कलिता और मैंने हमारे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष के साथ बैठक की. इस बैठक के दौरान सीट शेयरिंग के मामले पर चर्चा हुई.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि यूपीपीएल ने बीजेपी से कोकराझार सीट देने के लिए अनुरोध किया था जिस पर बीजेपी ने सहमति जता दी. सीएम ने आगे कहा कि असम गण परिषद का लोकसभा में अधिक सीट चाहती थी लेकिन मैंने उन्हें इस बार दो सीट से चुनाव लड़ने के हमारे केंद्रीय नेतृत्व के अनुरोध से अवगत कराया और उन्होंने हमारी इस बात को मान लिया.
हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य की 14 में से 11 सीट पर एनडीए की जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि हमें राज्य की कुल 14 में से 11 सीट पर जीत दर्ज करने का अनुमान है. आपको बताते चलें, वर्तमान में असम से लोकसभा में बीजेपी के 9, कांग्रेस के तीन और एआईयूडीएफ के एक सांसद हैं. इसके अलावा एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के पास है.