BJP Candidates List 2024: BJP ने लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में UP से 51 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है. जिसके बाद होल्ड पर रखी गई 23 लोकसभा टिकट को लेकर कई मौजूदा सांसदों के बीच हलचल देखने को मिल रही है. दरअसल बीजेपी प्रदेश में 74 सीटों पर लड़ेगी और बाकि 6 सीटों पर उसके सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे. ऐसे में बीजेपी के खाते में आने वाली 23 सीटों को लेकर सियासी हचलच जारी है.
यूपी में अधिकांश सीटें जो पार्टी ने रोक रखी हैं वे पूर्वी क्षेत्र में हैं जहां सहयोगी दलों के साथ सीट-बंटवारे को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है. वहीं केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, मेनका गांधी उनके बेटे वरुण गांधी और कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह, रीता बहुगुणा जोशी पर तलवार लटकी हुई है.
सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक बीजेपी की अगली लिस्ट में कई बड़े फेरबदल देखने को मिल सकते हैं. यूपी में बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट में कई पुराने सांसदों पर भरोसा जताते हुए चुनावी मैदान में उतारा है. चर्चा है कि यूपी में जिन लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान नहीं किया गया है वहां पर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. संभव है कि इस बार BJP अपनी दूसरी लिस्ट में 30 फीसदी तक नए चेहरे को मौका दे सकती है.
सियासी हलकों में चल रही चर्चाओं की मानें तो जिन 23 सीटों पर अभी टिकट का ऐलान नहीं हुआ है. वहां उम्मीदवार बदले जा सकते हैं. खासकर मेनका गांधी की सुल्तानपुर, वरुण गांधी की पीलीभीत, संगमित्रा मौर्य की बदायूं सीट, प्रयागराज से रीता बहुगुणा जोशी, बरेली से संतोष गंगवार, कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह का नाम प्रमुख तौर पर बताया जा रहा है. उम्र के साथ संसदीय क्षेत्र में निष्क्रियता टिकट कटने की सबसे बड़ी वजह बन सकती है. ऐसे भी संकेत मिल रहे है कि पार्टी कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में प्रतिद्वंद्वी दलों के उम्मीदवारों के आधार पर उम्मीदवारों का फैसला करेगी.
बीजेपी ने तमाम राज्यों के अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दिया है. उम्मीद है कि बीजेपी अगली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में कई चौंकाने वाले उम्मीदवार को टिकट दे सकती है. अगली CEC बैठक में महाराष्ट्र, बिहार, यूपी, कर्नाटक जैसे राज्यों में सहयोगियों के साथ सीट-बंटवारे समझौते पर मुहर लगा सकती है.