Pepsico India CEO: कौन हैं Pepsico India के नए CEO जागृत कोटेचा, जानें कहा से की है पढ़ाई
Pepsico India CEO: पेप्सिको इंडिया ने जागृत कोटेचा को भारत में अपना नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. कोटेचा के पास 30 साल से ज्यादा काम करने का अनुभव है.
Pepsico India CEO Jagrut Kotecha: फूड एंड बेवरेज इंडस्ट्रीज की दिग्गज कंपनियों में शामिल पेप्सिको इंडिया ने जागृत कोटेचा (Jagrut Kotecha) को भारत में अपना नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. इस बारे में कंपनी की ओर से शुक्रवार को एक बयान जारी किया गया है. नेतृत्व में बदलाव के तहत खाद्य एवं पेय पदार्थ कंपनी पेप्सिको ने बताया कि जागृत कोटेचा CEO के रूप में भारतीय कारोबार का नेतृत्व करेंगे, जबकि अहमद अल शेख पश्चिम एशिया व्यापार इकाई का प्रभार संभालेंगे.
भारत अहम बाजार
पेप्सिको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (अफ्रीका, पश्चिम एशिया एवं दक्षिण एशिया) यूजीन विलेम्सन ने कहा कि भारत कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है, जो हमारी वैश्विक रणनीति में अहम भूमिका निभा रहा है. कोटेचा का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, ''हम अपने भारतीय उपभोक्ताओं के साथ उनके नेतृत्व में सफलता की नई ऊंचाइयों को छूना जारी रखेंगे.''
भारतीय बाजार में है बड़ी हिस्सेदारी
पेप्सिको के पास पेप्सी, लेज, कुरकुरे, ट्रॉपिकाना 100%, गेटोरेड और क्वेकर जैसे ब्रांड हैं. इसने 1989 में भारतीय बाजार में प्रवेश किया जो यहां अब सबसे बड़े खाद्य तथा पेय व्यवसायों में से एक है. कंपनी की भारतीय बाजार में बड़ी हिस्सेदारी है.
Also Read
कहां से की पढ़ाई
जागृत कोटेचा के पास 30 साल से ज्यादा काम करने का अनुभव है. पेप्सिको से पहले जागृत कोटेचा 1992 से 1994 तक दो साल तक कैडबरी इंडिया से जुड़े रहे. जागृत कोटेचा ने मुंबई विश्वविद्यालय से बीई केमिकल इंजीनियरिंग की है. उन्होंने एसवीकेएम के नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एनएमआईएमएस) से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन किया है.
1994 में पेप्सिको के साथ जुड़े
जागृत कोटेचा की पेप्सिको के साथ सफर की शुरुआत 1994 में हुई जब वो भारत में सेल्स और मार्केटिंग टीम में शामिल हुए. उन्होंने एंड-टू-एंड लाभ और हानि (पीएंडएल) की जिम्मेदारी भी संभाली है. उन्होंने लेज और कुरकुरे के इनोवेशन और ट्रांसफॉर्मेशन की प्रोसेस पर भी काम किया था. जागृत कोटेचा पेप्सिको कंपनी में 2000 और 2002 के बीच थाईलैंड में रिजिनल सेल्स रोल के पोस्ट पर रहे हैं. 2006 से 2010 तक जागृत फिलीपींस में कमर्शियल डायरेक्शन के पोस्ट पर रहे हैं. 2011 से जागृत कोटेचा प्रमुख पदों पर कार्य करते रहे हैं.