NIA का बड़ा एक्शन, विदेशों में भारतीय दूतावासों पर हमलों में शामिल 43 संदिग्धों की पहचान की
संदिग्धों की पहचान के लिए NIA ने हमले के अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज जारी किए थे और हमले के आरोपियों की पहचान के लिए क्राउड सोर्सिंग का यूज किया था.
Indian embassies attacks case NIA identifies suspects: विदेशों में भारतीय दूतावासों पर हमलों की जांच में जुटी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 43 खालिस्तानी संदिग्धों की पहचान की है. बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के बाद NIA ने कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका में भारतीय दूतावासों पर हुए हमले की जांच शुरू की थी. पिछले साल लंदन दूतावास के साथ-साथ सैन फ्रांसिस्को और कनाडा स्थित भारतीय दूतावास पर हमला किया गया था.
जानकारी के मुताबिक, क्राउड सोर्सिंग का यूज कर राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इन संदिग्धों की पहचान की है. बताया जा रहा है कि संदिग्धों की पहचान के बाद देशभर में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई है और करीब 80 लोगों से पूछताछ भी की गई है.
भारतीय दूतावासों पर किए गए थे बर्बर हमले
पिछले साल यानी 2023 के मार्च और जुलाई में भारतीय राजनयिकों को निशाना बनाते हुए दूतावासों पर हमले किए गए थे. इसके बाद NIA बर्बरता, सार्वजनिक संपत्ति और दूतावास के कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के साथ-साथ हिंसा भड़काने समेत दूसरे आरोपों के संबंध में जांच में जुट गई थी. कहा जा रहा है कि दूतावासों पर हमलों के संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए NIA की टीम अगस्त 2023 में सैन फ्रांसिस्को भी गई थी.
Also Read
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में भी दर्ज किया था मामला
बता दें कि सैन फ्रांसिस्को और कनाडा में भारतीय दूतावास पर हमले के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी UAPA के तहत मामला दर्ज किया था. जानकारी के मुताबिक, संदिग्धों की पहचान के लिए NIA ने हमले के अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज जारी किए थे और हमले के आरोपियों की पहचान के लिए क्राउड सोर्सिंग का यूज किया था.