Gujarat: वडोदरा में नाव पलटने से 2 शिक्षकों समेत 12 छात्रों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख
Gujarat Boat Accident: गुजरात के वडोदरा में स्थित हरणी झील में नाव पलट गई है. हादसे में डूबने की वजह से 12 छात्रों की मौत हो गई है. पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया है.
Gujarat Vadodara Boat Accident: गुजरात (Gujarat) के वडोदरा (Vadodara) में दर्दनाक हादसा हुआ है. शहर के हरणी झील में एक नाव पलटने से 2 शिक्षकों समेत 12 छात्रों की मौत हो गई है. कई छात्र अब भी लापता बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक जिस वक्त हादसा हुआ उस समय नाव पर 35 लोग सवार थे. हादसे के बाद गोताखोर और दमकलकर्मी बचाव कार्य में जुट गए हैं.
बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
हादसे के बाद वडोदरा के कलेक्टर एबी गोर और पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत मौके पर पहुंचे हैं. झील में बोट का संचालन नगर निगम की देखरेख में होता है. माना जा रहा है कि नाव पर क्षमता से अधिक छात्रों और शिक्षकों की मौजूदगी के चलते ये हादसा हुआ है. मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है.
Also Read
सीएम ने जताया दुख
नाव पलटने की घटना को लेकर गुजरात के सीएम ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'वडोदरा की हरणी झील में नाव पलटने से बच्चों के डूबने की घटना अत्यंत हृदय विदारक है. मैं अपनी जान गंवाने वाले मासूम बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं. दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. दयालु ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दे. नाव पर सवार छात्रों और शिक्षकों का बचाव अभियान फिलहाल जारी है. सिस्टम को दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल राहत और उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया गया है.'