Gujarat Vadodara Boat Accident: गुजरात (Gujarat) के वडोदरा (Vadodara) में दर्दनाक हादसा हुआ है. शहर के हरणी झील में एक नाव पलटने से 2 शिक्षकों समेत 12 छात्रों की मौत हो गई है. कई छात्र अब भी लापता बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक जिस वक्त हादसा हुआ उस समय नाव पर 35 लोग सवार थे. हादसे के बाद गोताखोर और दमकलकर्मी बचाव कार्य में जुट गए हैं.
हादसे के बाद वडोदरा के कलेक्टर एबी गोर और पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत मौके पर पहुंचे हैं. झील में बोट का संचालन नगर निगम की देखरेख में होता है. माना जा रहा है कि नाव पर क्षमता से अधिक छात्रों और शिक्षकों की मौजूदगी के चलते ये हादसा हुआ है. मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है.
#WATCH गुजरात: वडोदरा की हरनी मोटनाथ झील में बच्चों को ले जा रही एक नाव पलट गई। बचाव कार्य जारी है। pic.twitter.com/wTqO898MHZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 18, 2024
हादसे को लेकर वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष डॉ शीतल मिस्त्री ने बताया, "...नाव पर लगभग 35 लोग सवार थे, शायद नाव की क्षमता से ज्यादा बच्चे सवार हो गए जिसके चलते नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई...लगभग 14 लोगों की मौत हुई है जिसमें 12 बच्चे और 2 शिक्षक हैं...घटना की जांच की जाएगी और चूक के लिए कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी...''
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा की हरणी झील में नाव पलटने से हुई जनहानि पर दुख जताया. साथ ही उन्होंने नाव पलटने की घटना में प्रत्येक मृतक के परिजन को PMNRF से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की मदद देने की घोषणा की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा की हरनी झील में नाव पलटने से हुई जनहानि पर दुख जताया। साथ ही उन्होंने नाव पलटने की घटना में प्रत्येक मृतक के परिजन को PMNRF से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की मदद देने की घोषणा की है। pic.twitter.com/FUyIfSRR4J
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 18, 2024
सीएम ने जताया दुख
नाव पलटने की घटना को लेकर गुजरात के सीएम ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'वडोदरा की हरणी झील में नाव पलटने से बच्चों के डूबने की घटना अत्यंत हृदय विदारक है. मैं अपनी जान गंवाने वाले मासूम बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं. दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. दयालु ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दे. नाव पर सवार छात्रों और शिक्षकों का बचाव अभियान फिलहाल जारी है. सिस्टम को दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल राहत और उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया गया है.'