Farmers Protest: किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में दाखिल होने पर अड़े हुए है. पंजाब के किसानों का शंभू और खनौरी बॉर्डर पर जमावड़ा लगा हुआ है. किसान नेताओं नेताओं के प्रदर्शन को देखते हुए सरकार ने पांचवें दौर की वार्ता का प्रस्ताव दिया है. केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों से पांचवें दौर की बातचीत करने को तैयार है.
1- इसी बीच यह खबर सामने आई है कि सरकार के प्रस्ताव के मद्देनजर किसानों की बैठक हुई. इस बैठक में अर्जुन मुंडा ने किसानों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पांचवें दौर की बैठक में MSP,पराली समेत तमाम मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है.
2- केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि किसी भी चीज का समाधान, आपसी समझ और लगातार बातचीत के जरिए ही निकाला जा सकता है. कोई भी समस्या हो हम उसका समाधान बातचीत के जरिए ढूंढ सकते हैं.
3- वहीं केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा को लेकर किसान संगठनों के बीच एक राय नहीं बन पाई है. कुछ किसान नेता तैयार हैं लेकिन कुछ का मानना है कि सरकार से अब तक बातचीत में कोई मसला हल नहीं हुआ है.
4- इससे पहले बुधवार को पंजाब के संगरूर जिले के खनौरी बॉर्डर पर आंदोलनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे. खनौरी में रबर की गोली लगने से एक किसान घायल हो गया. उन्हें पंजाब की तरफ नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया.
5- वहीं खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन के दौरान दो किसानों के मौत की खबर सामने आई थी जिसे हरियाणा पुलिस ने अफवाह करार दिया है. पुलिस की ओर से यह बयान जारी कर साफ किया गया कि आंदोलन के दौरान दो पुलिसकर्मी और एक प्रदर्शनकारी घायल हुए है. वहीं तनाव के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने शंभू बॉर्डर पर जेसीबी और पोकलाइन मशीन तैनात कर दी हैं.
अभी तक की प्राप्त जानकारी के अनुसार आज #किसानआंदोलन में किसी भी किसान की मृत्यु नहीं हुई है। यह मात्र एक अफवाह है। दाता सिंह-खनोरी बॉर्डर पर दो पुलिसकर्मियों तथा एक प्रदर्शनकारी के घायल होने की सूचना है जो उपचाराधीन है। @ssk303 @DGPPunjabPolice @cmohry @anilvijminister
— Haryana Police (@police_haryana) February 21, 2024
6- इस बीच शंभू बॉर्डर पर किसानों की ओर से बैरिकेड तोड़ने का ऐलान करने की खबर भी आई है. खबर के अनुसार जहां किसान नेता बैरिकेडिंग की तरफ बढ़ रहे है तो वहीं पर पुलिस भी जवाब में आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां दाग रही है.
7- दूसरी ओर पंजाब सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक लेटर लिखा है और उस दावे को झूठा बताया है जिसमें राज्य सरकार पर किसानों को शंभू और खनौरी में इकट्ठा होने की इजाजत देने की बात कही जा रही है. पंजाब सरकार ने गृह मंत्रालय को बताया है कि किसान विरोध प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली जा रहे थे और आंदोलन पर बैन के कारण पंजाब-हरियाणा सीमा पर फंस गए हैं.
8- इससे पहले गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार को एक एडवाइजरी भेजकर किसान आंदोलन के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा था. गृह मंत्रालय ने यह कदम एक रिपोर्ट के बाद उठाया है जिसमें अनुमान लगाया गया है कि पंजाब-हरियाणा सीमा पर 1,200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, 300 कारों, 10 मिनी बसों के साथ-साथ छोटे वाहनों के साथ 14,000 से अधिक लोग एकत्र हुए हैं.
9- टोहाना बॉर्डर पर तैनात हरियाणा पुलिस के एसआई विजय कुमार की खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान उनका स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया था. जिसके बाद उन्हें अस्पताल में मृतक घोषित कर दिया गया. वहीं खोरी बॉर्डर पर एक नौजवान की मौत हरियाणा पुलिस की गोली लगने से हुई है. मृतक का नाम सुखकर्ण सिंह बताया जा रहा है और वह बठिंडा का रहने वाला था. किसान की मौत पर आम आदमी पार्टी ने बयान जारी करते हुए कहा कि ये अत्याचार है. निहत्थे किसानों पर गोली चलाना बहुत ही घटिया काम है. आम आदमी पार्टी इस तरह की किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगी.
10- किसानों के विरोध प्रदर्शन पर भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) नेता राकेश टिकैत का कहना है कि यह आंदोलन जारी रहेगा. बातचीत से ही समाधान निकल सकता है. संयुक्त किसान मोर्चा कल बैठक करेगा और तय करेगा कि आगे की क्या रणनीति होगी.