Kota News: राजस्थान के कोटा में महाशिवरात्रि पर निकाली जा रही शिव बारात के दौरान बड़ा हादसा हो गया. शिव बारात के दौरान झंडा हाईटेंशन तार को टच कर गया जिससे बारात में करंट फैल गया और करंट की चपेट में आने से कुछ युवाओं समेत करीब 17 बच्चे झुलस गए.
यह पूरा मामला सकतपुरा काली बस्ती का बताया जा रहा है. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मंच गया. घटना दोपहर 12.30 बजे की बताई जा रही है. घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल बच्चों को एमबीबीएस अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज जारी है.
हाईटेंशन बिजली लाइन काफी नीचे होने के कारण हुआ हादसा
जिस जगह यह हादसा हुआ उस जगह पर हाईटेंशन बिजली लाइन के तार बहुत ज्यादा नीचे हैं. इस कारण जैसे ही भोलेनाथ की बारात वहां से गुजरी. बारात में भोलेनाथ का बुलंद झंडा हाईटेंशन तार से टच हो गया और फिर पूरी भीड़ में करंट फैल गया. यही नहीं हादसे की जगह सड़क पर एक गड्ढा भी हुआ है.
वहां मौजूद लोगों ने हादसे का ठीकरा बिजली विभाग पर फोड़ते हुए कहा कि यह हादसा सीधे-सीधे बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ है जिसकी सजा मासूमों को मिल रही है.
हादसे वाली जगह पर हुआ तेज धमाका
हाईटेंशन लाइन की चपने में आने के बाद घटना स्थल पर जोरदार धमाका हुआ. धमाके की आवाज सुनकर आसपास की बस्ती के लोग दौड़कर वहां पहुंचे और घायलों की अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
दो बच्चों की हालत नाजुक
हादसे में घायल दो बच्चों की हालत अभी नाजुक बताई जा रही है. डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का इलाज करने में लगी हुई है.