सलमान खुर्शीद की पत्नी पर ED का बड़ा आरोप, PMLA के तहत 40 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त

ED Allegation On Salman Khurshid Wife: केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद और दो अन्य पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.

India Daily Live

ED Allegation On Salman Khurshid Wife: केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने डॉ जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 अचल संपत्तियों को कुर्क कर दिया है. ट्रस्ट की अचल संपत्तियों पर एक्शन के साथ साथ ईडी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद और दो अन्य पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. ईडी का आरोप है कि इन लोगों ने अपने निजी लाभ के लिए केंद्र सरकार के खजाने से 71.50 लाख रुपए की हेराफेरी की है.

जांच के क्रम में ईडी को इस बात की जानकारी मिली है कि डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को मिले 71.5 लाख रुपए की अनुदान सहायता का उपयोग केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत शिविरों के आयोजन के लिए नहीं करने के बजाए ट्रस्ट के प्रतिनिधियों द्वारा इसका दुरुपयोग किया गया था.

पीएमएलए, 2002 के तहत ED का एक्शन

केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने पीएमएलए, 2002 के तहत डॉ जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट से संबंधित यूपी के फर्रुखाबाद में स्थित 29.51 लाख रुपए की अचल संपत्ति और 16.41 लाख रुपये की राशि वाले चार बैंक खाते भी संलग्न किए हैं. यह पूरा मामला ट्रस्ट में किए गए गड़बड़ी से जुड़ा है. आरोप है कि ट्रस्ट के पैसे का निजी तौर पर इस्तेमाल किया गया है. बता दें कि इस मामले में यूपी पुलिस ने सलमान खुर्शीद की पत्नी लुइस समेत कई अन्य आरोपियों के खिलाफ 17 मामलों में चार्जशीट दायर की थी. इसके बाद इस मामले में ED ने PMLA के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी.

2009-2010 के दौरान का है मामला

गौरतलब है कि साल 2009-2010 के दौरान डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से कैंप लगाकर दिव्यांगजनों के बीच उपकरण का वितरण किया गया था. इसी मामले में ट्रस्ट पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगा था. यह मामला साल 2017 में प्रकाश में आया था और ट्रस्ट पर आरोप लगा था कि काफी दिव्यांगजनों के बीच कोई उपकरण का वितरण किए बिना ही बिल का भुगतान करवा लिया गया था. इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद से ईडी की टीम कई बार पूछताछ कर चुकी है.