UP-बिहार के मजदूरों पर टिप्पणी करने वाले DMK सांसद दयानिधि मारन ने मांगी माफी, BJP पर लगाया ये आरोप

डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने भाजपा की आईटी विंग पर राजनीतिक लाभ लेने और विवाद बढ़ाने का आरोप लगाया है. कहा है कि भगवा पार्टी की आईटी विंग सफल नहीं होगी.

Naresh Chaudhary

चेन्नई: द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के लोकसभा सांसद दयानिधि मारन ने मंगलवार को श्रमिकों को लेकर अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगी है. इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हो रही थी. इस पर दयानिधि ने कहा कि उनकी बातों को गलत समझा गया है.

जानकारी के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री ने विवाद पर विराम लगाते हुए कहा कि अगर उनकी टिप्पणी से किसी को ठेस पहुंची है तो उन्हें खेद है. बता दें कि हाल ही में डीएमके सांसद का कथित तौर पर उत्तर प्रदेश और बिहार के कार्यकर्ताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

मारन ने भाजपा की आईटी सेल पर लगाए आरोप

बाद में जब पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके वीडियो पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी, तो मारन ने कहा कि यह एक बेरोजगार नाई का काम था. उन्होंने भाजपा की आईटी विंग पर राजनीतिक लाभ लेने और विवाद बढ़ाने का आरोप लगाया और कहा कि भगवा पार्टी की आईटी विंग सफल नहीं होगी.


डीएमके सांसद ने सोशल मीडिया पर मांगी माफी 

सांसद दयानिधि मारन ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा की आईटी सेल सोशल मीडिया पर विपक्षी दलों के छेड़छाड़ किए गए भाषण और वीडियो पोस्ट करके लोगों का ध्यान भटकाने में लगी हुई है. पत्रकारों के एक सवाल पर मेरे जवाब को गलत तरीके से पेश किया गया है.

मैं विनम्रतापूर्वक कहता हूं कि ये कभी भी नहीं हुआ होगा. मैंने कभी किसी व्यक्ति या विशेष वर्ग को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं किया है. अगर मेरी टिप्पणियों से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं माफी मांगता हूं.