नई दिल्ली: पूरे उत्तर भारत में ठंड का सितम जारी है. शीत लहर के चलते लोगों का जीवन मुश्किल बन गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की भविष्यवाणी के अनुसार, उत्तर भारत में लोगों को अगले चार दिनों तक शीत लहर से राहत मिलने की संभावना नहीं है. सरकारी विभाग ने उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में घने कोहरे और ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति की भविष्यवाणी की है.
उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों के कुछ हिस्से कम से कम अगले दो दिनों तक घने से बहुत घने कोहरे छाए रहेंगे. इन राज्यों में घने कोहरे के कारण ट्रेन यात्रा सहित परिवहन में बाधा आने की आशंका है. गौरतलब है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण पिछले कई दिनों से ट्रेनों की देरी हो रही है.
आईएमडी की भविष्यवाणी
उत्तराखंड, राजस्थान और बिहार: 18 और 19 जनवरी, 2024 को इन राज्यों के कुछ हिस्सों में रात/सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा (दृश्यता<50 मीटर) होने की संभावना है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 18-22 जनवरी 2024 के दौरान कुछ हिस्सों में रात/सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा (दृश्यता<50 मीटर) होने की संभावना है.
हरियाणा और चंडीगढ़: 18 और 19 जनवरी, 2024 को कई हिस्सों में रात/सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा (दृश्यता <50 मीटर) होने की संभावना है. 20 जनवरी, 2024 को कुछ हिस्सों में ऐसी स्थिति बनी रहेगी.
पंजाब: 18-19 जनवरी, 2024 को कई हिस्सों में रात/सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा (दृश्यता <50 मीटर) होने की संभावना है.
हरियाणा और चंडीगढ़ में 18 और 19 जनवरी को कुछ हिस्सों में ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन रहने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन तक की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड जारी रहेगी. उत्तराखंड में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा.