Deepak Saxena Resigned From Congress: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में भगदड़ की स्थिति बनी हुई. आए दिन कोई न कोई नेता पार्टी का साथ छोड़ रहा है. पार्टी छोड़ने वाले कांग्रेस नेताओं की सूची में अब एक और नया नाम जुड़ गया है. यह नाम है मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी रहे पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना का. दीपक सक्सेना कांग्रेस के टिकट पर विधायक के साथ-साथ कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. दीपक सक्सेना करीब पांच दशक से कांग्रेस के साथ थे. इनकी गिनती कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के करीबी नेताओं के रूप में होती है.
दीपक सक्सेना ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देते हुए जीतू पटवारी के नाम अपने इस्तीफे में लिखा है कि वह व्यक्तिगत और निजी कारणों के चलते पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं. उन्होंने अपने त्यागपत्र में आगे लिखा कि व्यक्तिगत कारणों की चलते वह अब पार्टी के साथ काम नहीं कर सकते हैं. अपने इस्तीफे में उन्होंने पार्टी के सभी बड़े नेताओं को इतने लंबे समय तक कामन करने का मौका देने के लिए आभार भी जताया है.
Deepak Saxena, former Madhya Pradesh Minister and a close aide of Kamal Nath, resigns from all posts in Congress. pic.twitter.com/HKWTk0hKLY
— ANI (@ANI) March 21, 2024
कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद दीपक सक्सेना ने भावुक होकर मीडियाकर्मियों से कहा कि उनके छोटे पुत्र बीजेपी में शामिल हो गए इसी के चलते उन्होंने पार्टी से अपनी राहें अलग कर ली है. उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल वह चर्चा करने की स्थिति में नहीं हैं, इस मामले पर वह बाद में मीडिया से चर्चा करेंगे. बता दें कि दीपक सक्सेना के बड़े बेटे अजय सक्सेना आज शाम बीजेपी में शामिल होंगे.
दीपक सक्सेना के इस्तीफे के बाज सियासी गलियारों में हर तरफ इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि उनका अगला कदम क्या होगा. माना जा रहा है कि दीपक सक्सेना अपने बड़े बेटे अजय सक्सेना के साथ खुद भी बीजेपी का दामन थाम सकते हैं.
दीपक सक्सेना मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी नेताओं में से एक माने जाते रहे हैं, वह 1974 से कांग्रेस के साथ रहे थे. दीपक सक्सेना कांग्रेस की टिकट पर 7 बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं. मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी में वह सह सचिव के पद पर भी रह चुके हैं. इसके अलावा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वह दो बार मंत्री रहने के साथ-साथ संगठन में कई बड़ी जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं.
दीपक सक्सेना को मध्य प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का काफी करीबी माना जाता रहा है. बता दें कि दीपक सक्सेना ने 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए अपनी विधायक की सीट छोड़ी थी.