Congress Accuses BJP For Stealing Money: कांग्रेस ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी पर बैंकों से पैसे चुराने का आरोप लगाया है. सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई खातों से 65.89 करोड़ रुपए काटे गए है. कांग्रेस की ओर से यह दावा किया गया है कि उनके बैंक खाते से 65 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पर सिर्फ इसलिए हाथ साफ किया गया है ताकि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को आर्थिक रूप से कमजोर किया जा सके.
कांग्रेस के बैंक खाते से आयकर विभाग द्वारा 65.89 करोड़ रुपए काटे जाने के बाद कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल की प्रतिक्रिया सामने आई है. केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के बैंक खातों से पैसे चुरा रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी तो उसने कभी भी बीजेपी के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया था.
केसी वेणुगोपाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि बैंकों से वे हमारा पैसा चुरा रहे हैं, हमने भी इस देश पर शासन किया है लेकिन कभी ऐसा नहीं किया. उन्होंने आगे कहा कि यदि हमने कभी ऐसा किया है तो बीजेपी हमें बताएं. उन्होंने आगे कहा कि एक राजनीतिक दल के तौर पर बीजेपी ने कभी कोई आयकर नहीं दिया है.
इस पूरे मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. खड़गे ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा कि निरंकुश मोदी सरकार जबरन वसूली और वित्तीय आतंकवाद के माध्यम से लोकतंत्र पर कब्जा कर रही है. मोदी सरकार ने कांग्रेस को मिले चंदे में से ₹65 करोड़ ट्रांसफर करने के लिए राष्ट्रीयकृत बैंकों को धोखा दिया और आयकर के माध्यम से इसे जब्त कर लिया. क्या बीजेपी ने कभी इनकम टैक्स भरा है?