menu-icon
India Daily

'CM हिमंत का पूरा परिवार भ्रष्ट', असम में 'न्याय यात्रा' के खिलाफ FIR के बाद भड़के राहुल गांधी

असम पुलिस ने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस का आरोप है कि कांग्रेस नेता केबी बायजिउ और अन्य ने भीड़ को बैरिकेड तोड़ने के लिए उकसाया. साथ ही बैरिकेड के पास तैनात पुलिस की टीम पर हमला भी किया गया.

Om Pratap
Edited By: Om Pratap
'CM हिमंत का पूरा परिवार भ्रष्ट', असम में 'न्याय यात्रा' के खिलाफ FIR के बाद भड़के राहुल गांधी

हाइलाइट्स

  • राहुल के आरोपों पर सरमा ने किया पलटवार
  • सरमा बोले- गांधी परिवार देश का सबसे भ्रष्ट

Bharat Jodo Nyay Yatra FIR Rahul Gandhi: असम में 'न्याय यात्रा' के खिलाफ FIR के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, भाजपा और आरएसएस पर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि CM हिमंत का पूरा परिवार भ्रष्टाचार में लिप्त है. राहुल गांधी ने कथित तौर पर नफरत फैलाने और जनता का पैसा लूटने के लिए सत्तारूढ़ भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की आलोचना की. उन्होंने कहा कि हिमंत सरकार, शायद देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है और सरमा सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं. 

शिवसागर जिले के हेलोटिंग में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में सबसे भ्रष्ट सरकार असम में है. आप जानते हैं कि यहां क्या हो रहा है? हम असम में यात्रा के दौरान यहां जो हो रहा है, उन मुद्दों को उठाएंगे.

दोपहर में राहुल गांधी गांधी ने जोरहाट जिले के नकाचारी के डेबरापार में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया और आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से असम के आदिवासियों, चाय श्रमिकों और अन्य स्वदेशी समुदायों के खिलाफ बहुत अन्याय किया जा रहा है.

राहुल ने शाम को जोरहाट में तीसरी सभा को किया संबोधित

राहुल गांधी ने शाम को जोरहाट शहर में अपने तीसरे सार्वजनिक संबोधन में कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का पूरा परिवार भ्रष्टाचार में शामिल है. उन्होंने कहा कि उनके (असम के CM) बच्चे, खुद और पत्नी भ्रष्टाचार में शामिल हैं. वे (हिमंत सरमा) सोचते हैं कि पैसे से असम के लोगों को खरीदा जा सकता है, लेकिन असमिया लोगों को नहीं खरीदा जा सकता.

राहुल के आरोपों पर सरमा ने किया पलटवार

राहुल गांधी के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री सरमा ने बाद में पलटवार किया और गांधी परिवार को देश का सबसे भ्रष्ट परिवार करार दिया. सरमा ने भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा कि मेरे अनुसार, गांधी परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है. उन्होंने कहा कि वे न केवल भ्रष्ट हैं, बल्कि डुप्लिकेट भी हैं. उनके परिवार का नाम भी गांधी नहीं है, (लेकिन) वे अपने डुप्लिकेट नाम लेकर चल रहे हैं. 

राहुल बोले- मणिपुर में गृहयुद्ध जैसी स्थिति

वहीं, मणिपुर के बारे में बात करते हुए राहुल गांधी गांधी ने कहा कि उस राज्य में गृहयुद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है और पिछले साल 3 मई से जातीय हिंसा चल रही है. उन्होंने कहा कि मणिपुर विभाजित है और प्रधानमंत्री ने एक बार भी राज्य का दौरा नहीं किया है. कई महीनों से हिंसा जारी है. लोग मर रहे हैं और घर जलाए जा रहे हैं और शांति अभी तक वापस नहीं आई है. उग्रवाद के कारण हिंसा से ग्रस्त असम के अतीत की ओर इशारा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस लोगों के लिए खड़ी रही और राज्य में रक्तपात को समाप्त किया.

Image

आरएसएस पर भी राहुल गांधी ने साधा निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस नफरत फैला रहे हैं और एक समुदाय को दूसरे समुदाय के खिलाफ लड़वा रहे हैं. उनका एकमात्र काम जनता का पैसा लूटना और देश का शोषण करना है. कांग्रेस नेता ने ये भी आरोप लगाया कि सभी भाजपा शासित राज्य आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अन्याय का सामना कर रहे हैं, जिसका खामियाजा गरीबों और वंचित वर्गों को भुगतना पड़ रहा है और इन सभी मुद्दों को यात्रा के दौरान उठाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि मणिपुर से मुंबई तक की इस यात्रा का उद्देश्य न केवल भारत के हर धर्म, जाति और भाषा को एकजुट करना है बल्कि न्याय दिलाना भी है. असमिया प्रतीक, मध्ययुगीन वैष्णव संत महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चल रहा 'न्याय मार्च' शंकरदेव की विचारधारा की यात्रा है. राहुल ने कहा कि उन्होंने आपको (लोगों को) रास्ता दिखाया, सभी को एकजुट करने की कोशिश की और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी. हम सिर्फ असम के इतिहास की नकल कर रहे हैं. 

बोले- युवाओं के खिलाफ सबसे बड़ा अन्याय बेरोजगारी है

जोरहाट शहर के लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के खिलाफ सबसे बड़ा अन्याय बेरोजगारी है. भारत बेरोजगारी के साथ प्रगति नहीं कर सकता. हमारा वादा है कि हम सभी सरकारी रिक्तियों को भरेंगे. हम छोटे और मध्यम उद्योगों को भी पुनर्जीवित करेंगे क्योंकि यह क्षेत्र सबसे अधिक संख्या में नौकरियां पैदा करता है.

राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री केवल 2-3 उद्योगपतियों के लिए काम कर रहे हैं और हवाई अड्डों, बंदरगाहों, कृषि और बुनियादी ढांचे जैसी सभी महत्वपूर्ण संपत्तियों को गौतम अडानी को सौंप रहे हैं. बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' गुरुवार को शिवसागर जिले के हेलोटिंग के माध्यम से नागालैंड से असम में प्रवेश की. हेलोएटिंग में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्री गांधी का स्वागत किया, जहां राज्य में आठ दिवसीय यात्रा के लिए असम कांग्रेस नेताओं को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा गया.

कांग्रेस महासचिव बोले- यात्रा को फ्लॉप शो बनाने की कोशिश कर रही भाजपा

उधर, यात्रा में राहुल गांधी के साथ मौजूद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार असम में यात्रा को फ्लॉप शो बनाने की कोशिश कर रही है. बता दें कि यात्रा गुरुवार सुबह असम पहुंची. इसके बाद पिछले साल पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित असम प्रदेश युवा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अंगकिता दत्ता ने न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन किया और राहुल गांधी से मिलने की मांग की. हालांकि, कांग्रेस ने उन्हें असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की राजनीतिक चापलूसी करार दिया और दावा किया कि अंगकिता दत्ता ने 'नारद मुनि' की तरह काम किया.

बता दें कि दत्ता ने पिछले साल अप्रैल में युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वह छह महीने से उन पर लैंगिक टिप्पणियां करके, अपशब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें लगातार परेशान और प्रताड़ित कर रहे थे और शिकायत करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दे रहे थे.

असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के खिलाफ FIR क्यों?

असम पुलिस ने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस का आरोप है कि कांग्रेस नेता केबी बायजिउ और अन्य ने भीड़ को बैरिकेड तोड़ने के लिए उकसाया. साथ ही बैरिकेड के पास तैनात पुलिस की टीम पर हमला भी किया गया. पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए न्याय यात्रा के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस का ये भी आरोप है कि यात्रा के आयोजकों ने भगदड़ और दंगा जैसी स्थिति पैदा की. 

जोरहाट पुलिस के मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के लिए जो मार्ग तय किया गया था, वो उस मार्ग पर न जाकर दूसरे मार्ग पर चले गए. पुलिस का आरोप है कि यात्रा के मार्ग बदलने की वजह से परेशानी खड़ी हो गई. जब पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की तो भीड़ को उकसा कर हमला किया गया. 

इन धाराओं के तहत जोरहाट पुलिस ने दर्ज किया केस

जोरहाट पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पीएस केस संख्या 20/2024 धारा 120(बी)/115(II)/143/147/188/283/323/353 आर/डब्ल्यू पीडीपीपी अधिनियम की धारा 3 के तहत आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. वहीं, कांग्रेस नेता देबब्रत सैकिया ने कहा कि FIR दर्ज कर अनावश्यक बाधाएं पैदा करने की साजिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा कांग्रेस की यात्रा की कामयाबी से डरे गए हैं.

बता दें कि राहुल गांधी की यात्रा का आज छठा दिन है. इससे पहले यात्रा के 5वें दिन यानी गुरुवार को 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' असम पहुंची. राहुल गांधी की न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल में शुरू हुई थी, जो मणिपुर से नागालैंड से होते हुए असम पहुंची है. राहुल गांधी की यात्रा आज माजुली तक जाएगी. असम में 25 जनवरी तक राहुल गांधी की यात्रा चलेगी. राहुल गांधी की यात्रा असम के 17 जिलों से गुजरेगी और 833 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.