'निमंत्रण सिर्फ उन्हीं को जो...', उद्धव ठाकरे की टिप्पणी पर अयोध्या मंदिर के मुख्य पुजारी का तंज
22 जनवरी को राम मंदिर के उद्घाटन और प्राण प्रतिष्ठा के लिए निमंत्रण को लेकर जारी राजनीतिक खींचतान के बीच उद्धव ठाकरे ने बयान दिया. उन्होंने कहा कि मुझे निमंत्रण की आवश्यकता नहीं है. मैं कभी भी अयोध्या का दौरा कर सकता हूं
Ayodhya temple chief priest Acharya Satyendra Das: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने उद्धव ठाकरे के बयान पर तंज कसा है. दरअसल, रविवार को शिव सेना (यूबीटी) चीफ उद्धव ठाकरे ने बयान दिया कि मुझे राम लला के अभिषेक समारोह के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है. उनके इस बयान पर मंदिर के मुख्य पुजारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी और तंज कसते हुए कहा कि निमंत्रण केवल भेजे गए हैं, जो भगवान राम के भक्त हैं.
आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि निमंत्रण केवल उन लोगों को दिया जाता है जो भगवान राम के भक्त हैं. ये कहना पूरी तरह से गलत है कि भाजपा भगवान राम के नाम पर लड़ रही है. आचार्य ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री का हर जगह सम्मान किया जाता है. उन्होंने अपने कार्यकाल में बहुत काम किया है. वे जो कुछ कर रहे हैं, वो राजनीति नहीं बल्कि उनकी भक्ति है.
आचार्य दास ने संजय राउत पर भी साधा निशाना
आचार्य दास ने कथित तौर पर भगवान राम का अपमान करने के लिए संजय राउत की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि उन्हें (शिव सेना यूबीटी) इस का एहसास भी नहीं है कि वे वही लोग हैं, जो भगवान राम के नाम पर चुनाव लड़ते थे. संजय राउत को इतना दर्द है कि वे बता नहीं सकते. बता दें कि संजय राउत ने इससे पहले भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भगवान राम के नाम पर बीजेपी वोट मांगेगी.
Also Read
राउत ने कहा था कि पीएमओ और सरकार को अपना ऑफिस अयोध्या स्थानांतरित कर लेना चाहिए. वे केवल राम के नाम पर वोट मांगेंगे क्योंकि उन्होंने और कुछ नहीं किया है. बता दें कि राम मंदिर उद्घाटन समारोह के लिए 7,000 से अधिक मेहमानों को निमंत्रण भेजा गया है, जिनमें पुजारियों, दानदाताओं और कई राजनेताओं समेत 3,000 वीवीआईपी शामिल हैं. इसके अतिरिक्त, हजारों भक्तों की सुविधा के लिए अयोध्या में कई टेंट सिटी बनाए गए हैं.