नई दिल्ली: 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर NDA और INDIA गठबंधन ने अपनी चुनावी तैयारियों को मुकम्मल रूप देना शुरू कर दिया है. इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग फार्मूला तमाम दलों के लिए गले की फांस बना हुआ है. कुछ ऐसी ही सियासी तस्वीर NDA गठबंधन में उभर कर सामने आ रही है. बिहार की हाजीपुर संसदीय सीट को लेकर पासवान परिवार मे चाचा पशुपति कुमार पारस और चिराग पासवान आमने सामने आ गए है. हाजीपुर से चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा "भाई, कितनी बार पत्ता खोलें, अब जब तक नामांकन नहीं कर देंगे तब लोग मानेंगे नहीं."
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 16 जनवरी को संकल्प महासभा कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है. इसमें बिहार के तमाम जिलों से कार्यकर्ता और नेता शामिल होंगे. इस कार्यक्रम के जरिये चिराग पासवान अपनी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाते हुए नजर आएगे. चाचा-भतीजे के मतभेदों के बीच लोजपा मे रामविलास पासवान के वारिस बनने की लड़ाई शुरू हो गई है. दरअसल रामविलास पासवान की परंपरागत सीट हाजीरपुर सीट से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर चाचा और भतीजा के अपने-अपने दावे है.
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान मौत के बाद उनकी लोक जनशक्ति पार्टी दो गुट में बंट गई थी. इसमें एक गुट का प्रतिनिधित्व चिराग पासवान तो दूसरे का पशुपति पारस कर रहे हैं. इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि वह 2024 में अगला लोकसभा चुनाव हाजीपुर संसदीय सीट से लड़ेंगे. मौजूदा वक्त मे चिराग पासवान और पशुपति कुमार पारस दोनों NDA का हिस्सा है. ऐसे मे 2024 आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार मे एनडीए के सीट शेयरिंग फॉर्मूला का क्या ब्लूप्रिंट होगा. इसकी सियासी तस्वीर साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है.