SpiceJet Mumbai Bengaluru Flight: दिल्ली हवाई अड्डे पर खड़े विमान में पायलट के साथ मारपीट के बाद इंडिगो फ्लाइट का चर्चाओं में रही है. ये मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि फ्लाइट में एक और घटना ने सभी का ध्यान अपनी खींचा है. इस बार चर्चाओं में स्पाइसजेट एयरलाइंस है. जानकारी के मुताबिक मंगलवार को मुंबई से बेंगलुरु जा रही स्पाइसजेट की उड़ान में एक यात्री टॉयलेट में फंस गया. जांच में सामने आया है कि टॉयलेट का दरवाजा खराबी के बाद लॉक हो गया था.
जानकारी के मुताबिक, मुंबई से उड़ान भरने के बाद एक पुरुष यात्री टॉयलेट गया था. इसके बाद वह अंदर ही फंस गया. काफी मशक्कत के बाद भी जब दरवाजा खोलने में सफलता नहीं मिली तो यात्री को अंदर ही इंतजार करना पड़ा. रिपोर्ट में बताया गया है कि यात्री को बेंगलुरु में उतरने तक फ्लाइट के टॉयलेट में ही इंतजार करना पड़ा. इसके बाद टेक्निकल टीम ने दरवाजे को खोला.
घटना के बाद एयरलाइन की ओर से एक बयान जारी करते हुए घटना पर खेद जताया है. साथ ही कहा है कि यात्री को पूरी यात्रा के दौरान सहायता प्रदान की गई. स्पाइसजेट की ओर से कहा गया है कि 16 जनवरी को मुंबई से बेंगलुरु जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान में एक यात्री दुर्भाग्य से करीब एक घंटे तक टॉयलेट में फंसा रहा. ये घटना उस वक्त हुई जब विमान हवा में था. इस दौरान फ्लाइट के स्टाफ ने पूरे समय यात्रा की मदद की.
कंपनी ने कहा है कि फ्लाइट के लैंड करने पर एक इंजीनियर ने टॉयलेट का दरवाजा खोला और यात्री को तत्काल मेडिकल मदद दी गई. स्पाइसजेट के यात्री को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए माफी मांगी गई है. बता दें कि इसी हफ्ते दिल्ली में कोहरे कारण खड़ी इंडिगो की एक फ्लाइट में यात्री द्वारा पायलट से मारपीट की गई थी, जिसके बाद इंडिगो फ्लाइट काफी चर्चाओं में रही थी.