एक बार फिर राजनीति में शामिल होंगे संजय दत्त, कांग्रेस के टिकट पर लड़ेंगे चुनाव, खबर पर क्या बोले एक्टर?

इस तरह की खबरें हैं कि संजय दत्त कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं और लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं. संजय ने खुद इन खबरों पर जवाब दिया है.

India Daily Live

बॉलीवुड एक्टर्स में राजनीति को लेकर हमेशा से ही आकर्षण रहा है. एक्टर गोविंदा, कंगना रनौत, अरुण गोविल से लेकर कई बॉलीवुड एक्टर इस बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं. इस तरह की खबरें थीं कि संजय दत्त भी इस बार चुनावी मैदान में कूदने जा रहे हैं.  कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि संजय दत्त की कांग्रेस पार्टी से बात चल रही हैं, हालांकि एक्टर ने एक ट्वीट कर इन तमाम अफवाहों का खंडन कर दिया है.

एक्टर ने किया अफवाहों का खंडन

अभिनेता ने इन अफवाहों का खंडन करते हुए दावा किया कि वह किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं और न ही लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं. संजय दत्त ने ट्वीट कर कहा, 'मेरे किसी पार्टी में शामिल होने की खबरें गलत हैं. मैं किसी भी दल में शामिल नहीं होने जा रहा और न ही लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहा हूं. अगर मैं राजनीति में जाऊंगा तो इसके बारे में खुद सबसे पहले जानकारी दूंगा. मेरे बारे में मीडिया में जो चल रहा है उस पर ध्यान न दें.'


2009 में समाजवादी पार्टी का हिस्सा थे संजय

बता दें कि 2009  में संजय दत्त समाजवादी पार्टी का हिस्सा थे लेकिन वह कोई बदलाव लाने में असफल रहे और उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था. 2019 में इस तरह की खबरें थीं कि वह राष्ट्रीय समाज पक्ष पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं. उस दौरान भी संजय ने बयान जारी कर उन खबरों का खंडन किया था. मालूम हो कि संजय दत्त के पिता और महान अभिनेता सुनील दत्त कांग्रेस पार्टी से सांसद रहे थे. 2004-2005 में वह युवा मामले और खेल मंत्री भी रहे थे.

संजय दत्त वर्क फ्रंट
अफवाहों से इतर संजय दत्त के काम की बात करें तो आखिरी बार संजू बाबा तमिल फिल्म लियो में नजर आए थे. विजय स्टारर इस फिल्म में संजय ने गैंगस्टर की भूमिका निभाई थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी. अभी उनकी झोली में तेलुगु फिल्म डबल आईस्मार्ट, कन्नड़ फिल्म केडी- द डेविल और वेल्कम टू जंगल फिल्में हैं.