नई दिल्ली: बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन एक बार फिर से रामलला की नगरी अयोध्या पहुंचे हैं. अयोध्या पहुंचते ही बिग बी ने सबसे पहले श्रीराम का आशीर्वाद लिया. आपको बता दें कि इससे पहले भी जब 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम हुआ था तब भी अमिताभ बच्चन अपने बेटे अभिषेक के साथ यहां पहुंचे थे.
अब एक बार फिर मिस्टर बच्चन रामलला के दर्शन के लिए दूसरी बार अयोध्या पहुंच चुके हैं. इस दौरान बिग बी के लिए भारी सुरक्षा का प्रबंध किया गया था. अभिनेता को गेट नंबर 11 से राम जन्म भूमि परिसर में प्रवेश करवाया गया जिसके बाद अभिनेता ने रामलला की पूजा-अर्चना की.
रामलला के दर्शन के बाद अमिताभ बच्चन मंडलायुक्त आवास पहुंचे हैं जहां वे सिविल लाइन में स्थित एक ज्वेलर्स शोरूम का उद्घाटन करने के लिए गए थे. वहीं उद्घाटन के बाद बिग बी कमिश्नर से मुलाकात करेंगे और आज ही वापस मुंबई आ जाएंगे.
वहीं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की बात करें तो इसमें बिग बी की मुलाकात देश के पीएम से भी हुई थी और उन्होंने उनसे हाथ मिलाकर उनका हालचाल भी लिया था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था.
वहीं अमिताभ बच्चन के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता जल्द प्रभास स्टारर फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' में दिखाई देने वाले हैं जिसका फैंस को काफी बेसब्री से इंतजार है.