Shehnaaz Gill: 'बेटी ने बहुत कमाया, 50 लाख दे वरना तू गया', शहनाज गिल के पिता को मिली जान से मारने की धमकी

फोन करने वाले शख्स ने कहा कि तेरी बेटी ने बहुत पैसा कमाया है. 50 लाख दे वरना पहले तेरी बेटी और फिर तुझे जान से मार दिया जाएगा.

India Daily Live

Shehnaaz Gill Father Received Death Threats: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बिग बॉस कंटेस्टेंट शहनाज गिल के पिता को शनिवार को जान से मारने की धमकी मिली. एक्ट्रेस के पिता संतोख सिंह को कथित तौर पर एक अनजान नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया, फोन करने वाले शख्स ने उनसे कहा कि 50 लाख दे वरना तुझे जान से मार दिया जाएगा. फोन करने वाले शख्स ने दावा किया कि वह पाकिस्तान से बोल रहा है. शहनाज गिल पंजाब के अमृतसर में रहती हैं.

'पैसा नहीं दिया तो जान से मार दूंगा'

खबरों के मुताबिक, फिरौती की मांग करते हुए शख्स ने कहा कि उसे संतोख सिंह और उनके परिवार के बारे में सब पता है, यह भी पता है कि वे कहां रहते हैं और क्या करते हैं. फोन करने वाले अनजान शख्स ने कथित तौर पर कहा कि शहनाज गिल ने बहुत पैसा कमाया है और अगर उसे पैसा नहीं दिया गया तो वह पहले उनकी बेटी को मारेगा और फिर उन्हें. यही नहीं फोन करने वाले ने संतोख सिंह को हिंदुओं का समर्थन बंद करने की भी चेतावनी दी.

क्या बोली पुलिस

वहीं दूसरी तरफ, ब्यास थाने के एसएचओ गुरविंदर सिंह ने कहा कि अभी इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है. अगर कोई शिकायत मिलती है तो एक्शन लिया जाएगा. संतोख सिंह को पहले से ही एक सुरक्षाकर्मी मिला हुआ है.

2021 में बीजेपी में शामिल हुए थे संतोख, पहले भी हो चुका है हमला

बता दें कि संतोख सिंह 2021 में बीजेपी में शामिल हुए थे. 25 दिसंबर 2021 पर उन पर 2 अज्ञात ने अमृतसर में हमला भी किया था. उन्होंने संतोख सिंह पर गोली चला दी थी. आरोपी युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे. हालांकि इस हमले में संतोख सिंह बाल-बाल बच गए थे. इससे पहले 2015 में भी संतोख सिंह को धमकी मिली थी. ब्यास से तरनतारन जाते समय संतोख सिंह को धमकी भरा कॉल आया था.